राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर रविवार को रायपुर पहुंचे हैं। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल अनुसुइया उइके, मुख्यमंत्री समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वामी विवेकानंद हवाईअड्डे पर राष्ट्रपति का स्वागत किया।
राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति कोविंद पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे भारतीय वायुसेना के विमान से रायपुर हवाईअड्डा पहुंचे, जहां राज्यपाल अनुसूइया उइके, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मुख्य सचिव आरपी मंडल और पुलिस महानिदेशक डीएम अवस्थी सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने उनका स्वागत किया।
स्वागत के बाद राष्ट्रपति हेलीकॉप्टर से बिलासपुर के लिए रवाना हो गए। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति बिलासपुर के गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में दो मार्च को सुबह 10 बजे से दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद वह बिलासपुर से हेलीकॉप्टर से दोपहर 12 बजे स्वामी विवेकानंद हवाईअड्डा पहुंचेंगे और यहां से अपराह्न 12:10 बजे भारतीय वायुसेना के विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। राज्य में राष्ट्रपति के प्रवास को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
राष्ट्रपति रविवार को ही झारखंड के दो दिवसीय दौरे के बाद तीसरे दिन सुबह राष्ट्रपति छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हुए थे। झारखंड से जाते हुए राष्ट्रपति ने ट्वीट कर लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने लिखा, 'जोहार झारखंड! भगवान बिरसा मुंडा की धरती से विदा लेते हुए, मैं झारखंड की राज्यपाल, मुख्यमंत्री और प्रशासन तथा सबसे बढ़कर इस राज्य के स्नेही और मित्रतापूर्ण निवासियों के आतिथ्य के लिए धन्यवाद व्यक्त करता हूं। मेरी कामना है कि झारखंड प्रगति की नई ऊंचाइयां प्राप्त करें।